ताज़ा समाचार

देश के प्रति भुलाया नहीं जा सकता इंदिरा गांधी का योगदान – प्रतिभा सिंह

शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि देश के नव निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी का बहुत बड़ा योगदान है। प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा देने व इसके विकास में भी उनके योगदान को प्रदेश कभी नहीं भुला सकता।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें याद करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनकी सूझ बूझ व राजनीतिक परिपक्ता से पाकिस्तान को अपने नापाक इरादों से भारत के आगे घुटने टेकने पड़े थे।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि लाहुल स्पीति के लोगों की मांग पर इंदिरा गांधी ने ही रोहतांग टनल के निर्माण को मंजूरी दी थी। पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद इंदिरा गांधी को भी प्रदेश से बहुत लगाव था। यही लगाव आज भी गांधी परिवार सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी का भी है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉक्टर यशवंत सिंह परमार के प्रयासों से प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा हासिल हुआ और उसके बाद प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का आधुनिक हिमाचल के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान रहा है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्य के गठन का तत्कालीन जनसंघ आज की भाजपा ने स्टेट हुड को मारो ठुड का नारा दिया था। भाजपा कभी भी प्रदेश हितेषी नहीं रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही देश व प्रदेश के विकास को प्रमुखता दी है और आगे भी देती रहेगी।
प्रतिभा सिंह ने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह इंदिरा गांधी के दिखाएं पथ का अनुसरण करते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए एक जुट होकर कार्य करें।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल,वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची,हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा,राज्य सहकारी बैंक के निदेशक हरिकृष्ण हिमराल,महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जैनब चंदेल,युवा कांग्रेस अध्यक्ष छत्तर सिंह,पूर्व विधायक आदर्श सूद,सहित पीसीसी के पूर्व पदाधिकारी, शिमला नगर निगम के पार्षदगण, सेवादल,युवा कांग्रेस,महिला कांग्रेस एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed