नई दिल्ली: हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी सुशील कुमार शिंदे की जगह अब रजनी अशोकराव पाटिल को हिमाचल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की ओर से यह फैसला किया गया। यह जानकारी कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने दी। इसके अलावा पार्टी नेता नगीन जावेद को अखिल भारतीय अल्पसंख्यक विभाग का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पाटिल को तुंरत इसका प्रभार संभालने को कहा गया है। वहीं उन्होंने शिंदे के कार्य की प्रशंसा की। गहलोत ने कहा कि जावेद को भी इसकी जिम्मेदारी संभालने को कहा गया है। वहीं पार्टी ने अल्पसंख्यक विभाग के अब तक अध्यक्ष रहे खुर्शीद अहमद सैयद के काम की भी सराहना की।
