धर्मशाला: देहरा मेन चौक से खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति गोदाम तक दिन में भारी वाहनों की नो एंट्री
धर्मशाला: देहरा मेन चौक से खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति गोदाम तक दिन में भारी वाहनों की नो एंट्री
धर्मशाला: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने अधिसूचना जारी कर देहरा के मुख्य चौक से वार्ड नंबर-01 स्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति गोदाम तक सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रतिबंधित कर दी है।
उपायुक्त ने बताया कि संबंधित सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही से अक्सर यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त पैदल राहगीरों, विशेषकर स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा, उपमंडल आयुर्वेदिक अस्पताल तक सुगम पहुंच तथा आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित सड़क को पहले से ही नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है तथा वहां लागू मौजूदा प्रतिबंध पूर्ववत जारी रहेंगे। हालांकि, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन तथा आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं में तैनात वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी।
उपायुक्त ने नगर परिषद देहरा के कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि संबंधित मार्ग पर स्पष्ट दिखाई देने वाले उचित स्थानों पर साइनबोर्ड स्थापित किए जाएं, ताकि आम जनता को नो-पार्किंग जोन तथा भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंधित समय की जानकारी मिल सके।