हिमाचल: प्रदेश के किन्नौर जिले के निगुलसरी के ठीक ऊपर थाच गांव में देर रात करीब 12:10 पर बादल फटने से तबाही हुई है। बादल फटने के बाद आई बाढ़ से ग्रामीणों की उपजाऊ जमीन और बगीचों को नुकसान पहुंचा है। लोगों ने जंगल में भागकर अपनी जान बचाई। बाढ़ का मलबा निगुलसरी में एनएच पांच पर आ गया है, जिस कारण किन्नौर जिले का सड़क संपर्क कट गया है। बाढ़ में दो गाड़ियां भी बह गईं। ग्रामीण मस्तान की दोगरी और गांव में मकान भी बाढ़ की चपेट में आया। तीन घरों को खतरा हो गया है।
वहीं बारिश के चलते राजधानी शिमला के हिमलैंड में सर्कुलर रोड पर फिर से भारी भूस्खलन हुआ है। जानकारी के अनुसार सेंट एडवर्ड स्कूल (हिमलैंड) के पास आधी रात 2:00 बजे भारी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन से एक भवन को भी खतरा पैदा हो गया है। एहतियातन प्रशासन ने भवन को खाली करवा दिया है। भूस्खलन से सर्कुलर रोड ठप हो गया। वहीं स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त शिमला के आदेशानुसार सेंट एडवर्ड स्कूल 19 और 20 सितंबर को बंद रहेगा। शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों को स्कूल आने से छूट दी गई है। हालांकि, सभी कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने को कहा गया है।