हिमाचल का जवान सिक्किम में शहीद

हिमाचल: सिरमौर जिले के नाहन उपमंडल के बड़ाबन गांव निवासी लांस नायक मनीष कुमार उत्तरी सिक्किम में वीरगति को प्राप्त हुए हैं। मनीष 3 डोगरा रेजीमेंट में तैनात थे। रविवार शाम करीब 7:30 बजे छत्ते नामक स्थान पर भूस्खलन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। मनीष की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी।मनीष ठाकुर के परिवार में पीछे पत्नी तनु देवी, माता किरण बाला और पिता जोगिंदर सिंह हैं। बड़ाबन गांव में मनीष की शहादत का समाचार मिलते ही परिवार पर गम का पहाड़ टूटा है। पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया।

सिरमौर ज़िला के नाहन उपमंडल के बड़ाबन गांव निवासी लांस नायक मनीष ठाकुर के सिक्किम में ड्यूटी के दौरान शहीद होने का समाचार प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये ख़बर अत्यंत दुःखद है। प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को इस दुःखद घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।

जानकारी अनुसार रविवार को सिक्किम में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण  शाम करीब 7 बजे, एक सेना का कैंप अचानक हुए लैंडस्लाइड की चपेट में आ गया। इस हादसे में तीन सैनिक वीरगति को प्राप्त हुए हैं, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, चार अन्य लोगों को मलबे से जीवित बाहर निकाला गया, जिन्हें केवल साधारण चोटें आई हैं। फिलहाल छह जवानों का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है और उनकी तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है। सेना ने सोमवार को हादसे की पुष्टि की और बताया कि मृतकों की पहचान हवलदार लखबिंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखाड़ा के रूप में हुई है।

 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed