CM बोले- जयराम ठाकुर और भाजपा की हिमाचल प्रदेश सरकार बनाने की हसरतें अधूरी ही रह जाएंगी

चम्बा : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने आज चम्बा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र में कांगड़ा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा के पक्ष में प्रचार किया और लोगों से आनंद शर्मा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। भंजराडू में एक विशाल जनसमूह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पिछले 15 सालों से कांगड़ा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करती आ रही है लेकिन भाजपा के सांसद कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने में नाकाम सिद्ध हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस पार्टी ने दिग्गज नेता आनंद शर्मा को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि आनंद शर्मा पहले भी हिमाचल प्रदेश के मुद्दों की पैरवी करते रहे हैं और लोकसभा सांसद के रूप में इस लोकसभा क्षेत्र की आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि आनंद शर्मा संसद में हिमाचल प्रदेश के हितों की मजबूती के साथ पैरवी करेंगे।
ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस बार का चुनाव देश और प्रदेश की आने वाली राजनीति को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के 6 विधायकों को भारतीय जनता पार्टी ने खरीदा है तथा यह चुनाव खरीद फरोख्त की राजनीति को करारा जवाब देने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इस बार बिकने वाले विधायकों के साथ साथ खरीददार पार्टी को भी कड़ा सबक सिखायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के तीन निर्दलीय विधायक भी बिके हैं और दूसरी किश्त पाने के लिए अपना इस्तीफा स्वीकार कराने के लिए विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास धनबल नहीं है और जनता की ताकत ही कांग्रेस पार्टी की ताकत है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर का सिला-सिलाया कोट दर्जी के पास ही रह जाएगा। उन्होंने कहा कि जय राम ठाकुर और भाजपा की हिमाचल प्रदेश सरकार बनाने की हसरतें अधूरी ही रह जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अपना साढ़े तीन साल का बाकी कार्यकाल भी पूरा करेगी और सरकार को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता जागरूक है और देवी-देवताओं में विश्वास रखती है। ऐसे में खरीद फरोख्त की राजनीति हिमाचल प्रदेश की जनता को मंजूरी नहीं है।
भंजराडू में 25 भाजपा समर्थित पंचायत प्रतिनिधि कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने हार पहनाकर उनका स्वागत किया और कहा कि उन्हें कांग्रेस पार्टी में उचित मान-सम्मान दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए नेताओं ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पूर्ण आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा, विधायक नीरज नैयर सहित अन्य पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed