शिमला के मॉल रोड पर रिपोर्टिंग रूम के सामने 21 साल के युवक की हत्या, आरोपी फरार

शिमला : राजधानी शिमला के मॉल रोड पर रविवार को मध्य रात्रि एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।  जानकारी अनुसार एक युवक पर देर रात करीब दो बजे जानलेवा हमला हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। यह वारदात मॉलरोड स्थित रेस्तरां वेक एंड बेक रेस्टोरेंट में हुई है। यह रेस्त्ररां शिमला के मॉल पर पुलिस रिपोर्टिंग रूम के सामने है।

मृतक की पहचान मनीष (21 वर्ष) पुत्र सोहन सिंह गांव कोठी तहसील कुपवी के रूप में हुई है। मनीष वेक एंड बेक रेस्टोरेंट में ही काम करता था। घटना के दौरान रेस्टोरेंट में घुसकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान मनीष अपनी जान बचाने के लिए पुलिस सहायता कक्ष की तरफ आया। जिस गंडासे से उसके ऊपर प्रहार हुआ था, उसे भी उसने अपने हाथ में पकड़ रखा था।

मनीष ने अपने हाथ में लिए गंड़ासे से पुलिस सहायता कक्ष के दरवाजे का शीशा तोड़ा। पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकल कर देखा तो वह घायल होकर सड़क पर गिर गया। पुलिस ने तुरंत कंबल डालकर उसे उठाया तथा पुलिस सहायता कक्ष की गाड़ी से आईजीएमसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मॉल रोड पर जिस जगह पर यह वारदात हुई है वहां पर दुकानों में और पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर भी सीसीटीवी कैमरा लगे हुए हैं।

मृतक के पिता सोहन सिंह ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस रिपोर्टिंग रूम के सामने उनके बेटे को मारा जाता है, लेकिन पुलिस सोती रही। उनके बेटे ने खुद पुलिस को आकर बताया कि उस पर हमला हुआ है। बावजूद उसके पुलिस अब तक आरोपी को नहीं पकड़ सकी है। मृतक के पिता ने कहा जब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं करती, वह अपने बेटे का पोस्टमार्टम नहीं करने देंगे। उन्होंने कहा पुलिस बता रही है कि आरोपी चंडीगढ़ पहुंच गया है। सोहन ने कहा उसका एक ही बेटा था, जो 21 साल का था। वह एक रेस्टोरेंट में नौकरी करता था। वारदात के बाद रेस्टोरेंट मालिक ने उसे बताया कि उसके बेटे की हत्या हो गयी है। सोहन ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी को बचा रही है।

शिमला पुलिस के मॉल पर शाम के समय कंट्रोल रूम के सामने बड़ी संख्या में लोग धरना, प्रदर्शन और नारेबाजी की। एसपी शिमला संजीव गांधी परिजनों से मिले और उन्होंने भरोसा दिया है कि आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस टीमें चंद कदम दूर हैं। एसपी ने युवक के पिता को गले लगाकर सांत्वना दी और बताया कि वह आधी रात से इस केस में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी सीसीटीवी को खंगाला गया है और आरोपी के पीछे टीमें गई हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। बता दें कि आरोपी सत्येंद्र पाल पंजाब का रहने वाला है। घटना के बाद से फरार है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या के आरोपी की पहचान भी कर ली है। पुलिस ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है। एसएचओ सदर थाना धर्मसेन नेगी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। जल्द उसे गिरफ्तार कर दिया जाएगा।

 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed