शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर वार्डों में जोरों पर प्रचार ; कांग्रेस और BJP उम्मीदवार पहुंच रहे जनता के द्वार

शिमला: नगर निगम शिमला के चुनाव का प्रचार आजकल खूब जोरों पर है। कांग्रेस और बीजेपी के उम्मीदवार जनता के द्वार पहुंच रहे हैं। वहीं अन्य पार्टियों माकपा और AAP के उम्मीदवार भी लोगों से वोट की अपील करते नजर आ रहे हैं। प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने का खूब प्रयास कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी चुनाव प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है। वार्डों में प्रत्याशी व कार्यकर्ताओं द्वारा जमकर प्रचार किया जा रहा है। अलग-अलग टोलियां बनाकर लोगों से वोट मांगे जा रहे हैं। वहीं आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति भी अपनी चरम पर है।

नगर निगम शिमला के टूटीकंडी वार्ड न. 10 से कांग्रेस की उम्मीदवार उमा कौशल प्रचार करते हुए

खैर एक ओर कांग्रेस ने जहाँ नगर निगम चुनाव के लिए मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों

नगर निगम शिमला के टूटीकंडी वार्ड न. 10 से भाजपा की उम्मीदवार रितु प्रचार करते हुए

को प्रचार की जिम्मेवारी सौंपी है तो वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू नगर निगम चुनाव को लेकर बैठक कर चुके हैं। बैठक में पार्टी की ओर से चुनावी मैदान में उतारे गए सभी 34 वार्डों के प्रत्याशियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रत्याशियों को एक एकजुट होकर चुनाव लड़ने की सलाह दी। सीएम ने कहा कि चुनाव में जीत महत्वपूर्ण है और यह तभी संभव होगा जब हम एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। इसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।

नगर निगम शिमला के चुनावों पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान का कहना है कि प्रदेश की जनता ने विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस पर विश्वास जताया है। अब नगर निगम शिमला के चुनाव में भी शहर के विकास के लिए जनता कांग्रेस पार्टी को वोट देगी। नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री भी शिमला से दो बार पार्षद रहे हैं। वह यहां की समस्याओं को भली-भांति जानते हैं। मुख्यमंत्री स्वयं प्रचार के लिए मैदान में उतरेंगे और जनता उन्हें भरपूर समर्थन देगी।

 उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जल्द मेनिफेस्टो जारी करेगी, जिसमें शहर की जनता की समस्याओं को लेकर बात रखी जाएगी। पिछले पांच सालों में नगर निगम शिमला में पार्किंग, पानी, ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं लगातार बढ़ी हैं। कांग्रेस के प्रयासों से ही शिमला स्मार्ट सिटी बना, लेकिन इसमें कोई भी स्मार्ट काम नहीं हुआ है।

वहीं दूसरी ओर भाजपा नगर निगम शिमला के वार्ड जोन प्रभारी, प्रवासी प्रभारी और पार्षद प्रत्याशियों की संयुक्त बैठक भी की जा चुकी है।  बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने की, उनके साथ नगर निगम शिमला के चुनाव प्रभारी सुखराम चौधरी, राकेश जम्वाल, त्रिलोक जम्वाल, संजय सूद,  रवि मेहता, चेतन ब्रागटा और डेजी ठाकुर मौजूद रहे थे। 

भाजपा नगर निगम शिमला के चुनाव प्रभारी सुखराम चौधरी ने कहा कि इन नगर निगम चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में अद्भुत जोश है, सभी नामांकन पत्र दर्ज करने की प्रक्रिया में प्रत्याशियों के साथ प्रवासी प्रभारी उपस्थित रहे जो कि सभी विधानसभा के विधायक या पूर्व मंत्री हैंइससे पता चलता है कि भाजपा इन चुनाव को लेकर सशक्त रूप से काम कर रही है। सुखराम चौधरी ने कहा भाजपा नगर निगम शिमला का चुनाव गंभीरता से लड़ रही है, चुनावों में पार्टी द्वारा हर वार्ड के लिए अलग-अलग योजना तैयार की गई है और भाजपा द्वारा प्रचार जोरों-शोरों से हर वार्ड में चल पड़ा है।  नगर निगम चुनावों में भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी जिस प्रकार से शिमला शहर को स्मार्ट सिटी के अंतर्गत सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया गया है उसको लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी।

जहाँ सभी वार्डों के प्रत्याशी जनता से वोट मांग रहे हैं वहीं नगर निगम शिमला के टूटीकंडी वार्ड न. 10 में भी कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवार लोगों के द्वार वोट मांगने पहुंच रहे हैं। जिसमें कांग्रेस की उम्मीदवार उमा कौशल अपने दल बल सहित जोर-शोर से प्रचार करने में जुटीं हुईं हैं, तो दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी रितु गौतम भी अपने समर्थकों के साथ घर-घर जाकर अपने पक्ष में लोगों से वोट की अपील कर रहीं हैं। 

 बता दें नगर निगम शिमला का चुनाव प्रचार 30 अप्रैल को थम जाएगा। मतदान 2 मई को होगा और मतों की गणना 4 मई को होगी। वार्ड उम्मीदवारों ने चुनावों के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी हैदेखना दिलचस्प होगा कि इस बार नगर निगम चुनावों में किसका परचम लहराता है

सम्बंधित समाचार

Comments are closed