नई दिल्ली : मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और सरकार के पास राष्ट्रीय राजधानी के समग्र विकास के लिए कोई योजना नहीं है। वह आज नई दिल्ली में मॉडल टाउन विधान सभा क्षेत्र के रोशनारा क्लब शक्ति नगर में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
जय राम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज के सभी वर्गों, विशेषकर गरीबों तथा पिछड़ों के कल्याण के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछले पांच वर्षों में कुछ नहीं किया, बल्कि दिल्ली के लोगों को विभिन्न मुद्दों पर ठगा है। उन्होंने कहा कि यह समय दिल्ली के लोगों को आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों को हराने का अवसर है, जो बिजली और पानी के मुद्दों को लेकर लोगों को धोखा दे रहे हैं, जबकि अभी तक पीने का पानी उपलब्ध नहीं करवा पाए।
जय राम ठाकुर ने कहा कि दिल्ली को मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व वाली सरकार चाहिए, जो केवल भारतीय जनता पार्टी ही दे सकती है। केंद्र की भाजपा सरकार ने दिल्ली के लोगों को विभिन्न लाभ दिए हैं और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन की सरकार के छह साल के कार्यकाल में उनके जीवन को सरल बनाने में मदद की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं, जिससे लोग लाभान्वित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र विकास और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। विश्वस्तरीय सुविधाओ के साथ दिल्ली मैट्रो सिटी के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी के खोखले वायदों में आने वाली नहीं है, क्योंकि पिछले पांच वर्षों में बड़े-बड़े दावों के अलावा कुछ नहीं किया गया है।
जय राम ठाकुर ने त्रिनगर और शकुर बस्ती विधान सभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी तिलक राम गुप्ता और डॉ. सुरेश चंद्र वत्स के समर्थन में रोड शो किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने आनन्द पर्वत विधान सभा क्षेत्र के पटेल नगर में भाजपा प्रत्याशी परवेश रतन के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित किया।