रीना ठाकुर/शिमला: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने जारी एक प्रैस बयान में बताया कि प्रदेश में होने वाले दो विधान सभाओं पच्छाद व धर्मशाला के उप चुनाव हेतु पार्टी द्वारा जिम्मेवारियां तय की गई है जिसमें सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर को पच्छाद विधान सभा तथा स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार को धर्मशाला विधान सभा उप चुनाव का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दोनों विधान सभाओं के उप चुनाव 21 अक्तूबर को होने हैं जिसका परिणाम 24 अक्तूबर को आएगा। उन्होनें कहा कि पच्छाद व धर्मशाला दोनों सीटें पूर्व में भी भाजपा ने जीती थी और इन उप चुनावों में भी भाजपा अपना विजयी परचम फिर से लहराएगी।
सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि वर्तमान भाजपा प्रदेश सरकार ने प्रदेशहित व जनहित में कई योजनाएं चलाई हैं जिनका लाभ प्रदेश की जनता को सीधे तौर पर मिल रहा है। प्रदेश की जनता सरकार के पौने दो साल के कार्यकाल से खुश है जिसका लाभ पार्टी को इन उप चुनावों में अवश्य मिलेगा।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि “एक राष्ट्र-एक संविधान’ का 70 वर्षां से चले आ रहे सपने को माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मा. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं केन्द्र सरकार ने संसद के दोनों संदनों लोकसभा और राज्यसभा में पास करवाकर अनुच्छेद-370 एवं 35-ए को समाप्त कर साकार किया है। केन्द्र में पुनः पूर्ण बहुमत की मोदी सरकार बनने के 100 दिनों के अंदर लिया गया यह निर्णय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों से लिखा जाएगा। उन्होनें कहा कि मोदी सरकार के इस निर्णय की चहुंओर प्रशंसा हो रही है। उन्होनें कहा कि मोदी जी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार व प्रदेश की जयराम सरकार देशहित व प्रदेशहित में लगातार कार्य कर रही है और जनता का विश्वास केन्द्र व प्रदेश सरकार में प्रगाढ़ होता जा रहा है जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा।