चंबा : हिमाचल के पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित शिव कुमार उपमन्यु का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुवार रात को करीब 11.30 बजे फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। हार्ट अटैक के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता 90 वर्षीय उपमन्यु को फोर्टिस अस्पताल लाया गया था। वह करीब दो सप्ताह से फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा में उपचाराधीन थे। उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिल गौतम व मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. आनंद टोडवाल अपनी टीम के साथ लगातार नजर रखे हुए थे, लेकिन उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। गुरुवार रात को उनका निधन हो गया।
चंबा जिला से ताल्लुक रखने वाले शिव कुमार भटियात विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। उनके पिता पंडित जयवंत राम भी प्रदेश के अग्रणी राजनेता थे और प्रदेश विधानसभा का पहला अध्यक्ष बनने का गौरव उनके नाम है। शिव कुमार उपमन्यु प्रदेश के अग्रणी राजनेता रह चुके हैं। उन्होंने सरकार में बतौर कैबिनेट मंत्री कई विभागों में नेतृत्व किया है। उन्हें शिक्षा मंत्री के रूप में खासतौर से याद किया जाता है।