बिलासपुर: घुमारवीं बस स्टैंड पर इलेक्ट्रिक बस की चपेट में आने से युवक की मौत
बिलासपुर: घुमारवीं बस स्टैंड पर इलेक्ट्रिक बस की चपेट में आने से युवक की मौत
बिलासपुर: घुमारवीं बस स्टैंड के बाहर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 34 वर्षीय युवक की जान चली गई। जंगलबैरी से शिमला रूट पर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की इलेक्ट्रिक बस के पिछले टायर की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में युवक के शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतक की पहचान पंकज कुमार पुत्र जय सिंह निवासी हारकुकार, तहसील घुमारवीं के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक निजी संस्थान में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे जंगलबैरी से शिमला रूट पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बस घुमारवीं बस स्टैंड से रवाना हो रही थी। इसी दौरान पंकज कुमार भी बस स्टैंड से बाहर निकलकर सड़क पार कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही स्टैंड से बाहर निकली, युवक अचानक उसके पिछले टायर की चपेट में आ गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस के पिछले पहिये के नीचे आने से युवक गंभीर रूप से कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस थाना घुमारवीं की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बस चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और बस को भी कब्जे में कर लिया है। मामले की जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने हादसे की पुष्टि की है।