कृषि मशीनरी की खरीद के लिए एग्री मशीनरी पोर्टल 11 नवंबर से खुलेगा, किसान 16 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

17 नवंबर को लॉटरी के माध्यम से होगा किसानों का चयन, पात्र किसानों को कृषि उपकरणों की खरीद पर मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान

बिलासपुर: कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कृषि मशीनरी की खरीद पर अनुदान प्राप्त करने हेतु एग्री मशीनरी पोर्टल 11 नवंबर को प्रातः 11 बजे से खुलेगा। बिलासपुर जिला के इच्छुक किसान 16 नवंबर तक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि 17 नवंबर को लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किसानों का चयन किया जाएगा।
कृषि विभाग के अनुसार प्रदेश की पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए खेती में आधुनिक तकनीक और मशीनीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों की श्रम लागत कम करना, कृषि कार्यों को सुगम बनाना तथा कृषि उत्पादकता में वृद्धि करना है। इसी दिशा में कृषि अभियांत्रिकी उप मिशन के अंतर्गत किसानों को पावर टिलर, पावर वीडर सहित विभिन्न आधुनिक कृषि उपकरण अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान भारत सरकार के प्रत्यक्ष लाभ अंतरण पोर्टल agrimachinery.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन एवं चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लॉटरी प्रणाली अपनाई गई है, जिसके माध्यम से 17 नवंबर को लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
विभाग के अनुसार लघु एवं सीमांत किसानों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों तथा महिला किसानों को कृषि उपकरणों की खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा। किसानों को सलाह दी गई है कि वह केवल भारत सरकार से पंजीकृत फर्मों से स्वीकृत मॉडल के कृषि उपकरण ही खरीदें, ताकि अनुदान प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कृषि विभाग ने बिलासपुर जिला के पात्र किसानों से अपील की है कि वह निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं। आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग से खेती में समय और श्रम की बचत होने के साथ किसानों की कार्यक्षमता एवं कृषि उत्पादकता बढ़ेगी तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने में सहायता मिलेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed