शिमला : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी तथा अन्य सांसदों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ने आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। मुख्यमंत्री ने नारेबाजी कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को हिरासत में लिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर संघर्ष कर रहे हैं, गिरफ्तारियां दे रहे हैं और लगातार आम लोगों की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटों की चोरी के माध्यम से सत्ता हासिल की जा रही है और यह जनता की वास्तविक आवाज नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या के विरोध में कल पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए आवाज उठाई है और उनकी आवाज को कोई दबा नहीं सकता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को किसी पद का लालच नहीं है, बल्कि वह उस संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिसके कारण देश में लोकतंत्र कायम है और जिसके तहत नरेन्द्र मोदी आज प्रधानमंत्री के पद पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के साथ हिमाचल प्रदेश के लोग और कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं।
इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, प्रदेश कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देश के संविधान,लोकतंत्र से खिलवाड़ किया है। उन्होंने भाजपा के साथ मिल कर एसआईआर के नाम पर 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को उनके मताधिकार से बंचित किया है। इसलिए उन्हें इस पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नही है। उन पर देशद्रोह का मुकदमा दायर होना चाहिए। उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र को बचाने के लिए राहुल गांधी संघर्ष कर रहें है पर भाजपा उनकी इस आवाज को भाजपा सत्ता के बल पर दबाने का असफल प्रयास कर रही है।
आज लोक भवन के बाहर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनय कुमार ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी की आवाज को नही दबाया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि आज केंद्रीय चुनाव आयोग भाजपा की कठपुतली वन कर काम कर रहा है। देश के लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में भाजपा के खिलाफ एकजुटता से खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस वोट चोरी व मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदेश व्यापी आंदोलन करने जा रही है।
विनय कुमार ने बताया कि कल ऊना में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल विशेष तौर पर इस धरना प्रदर्शन में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में भाजपा व केंद्रीय चुनाव आयोग के खिलाफ जबरदस्त धरने प्रदर्शन करेगी। इस धरना प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को इसके सफल आयोजन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी दी गई है।