बिलासपुर: दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर में स्थापित की जा रही रैंप और लिफ्ट की सुविधा

उपायुक्त की अध्यक्षता में श्री नैना देवी जी मंदिर के विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित

बिलासपुर : आयुक्त मंदिर एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज बचत भवन बिलासपुर में श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं तथा बच्चों को सुगम दर्शन सुविधा उपलब्ध करवाने और मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर में दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को सुगम दर्शन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए रैंप एवं लिफ्ट की व्यवस्था विकसित की जा रही है ताकि उन्हें माता के दर्शन करने में असुविधा का सामना न करना पडे़। उन्होंने कहा कि गुफा पार्किंग से मुख्य मंदिर तक एंड-टू-एंड सुगम दर्शन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए यह रैंप एवं लिफ्ट की व्यवस्था विकसित की जा रही है। जबकि गुफा पार्किंग से कृपाली कुंड तक रैंप का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा श्रद्धालुओं के उपयोग के लिए यह सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है।

उपायुक्त ने कहा कि कृपाली कुंड से लंगर भवन तक फ्लाईओवर निर्माण के लिए लगभग 1 करोड़ 20 लाख रूपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इस परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत लिफ्ट एवं रैंप के माध्यम से मुख्य मंदिर तक सुगम पहुंच सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि मंदिर न्यास के अन्य भवनों एवं परिसरों में भी चरणबद्ध तरीके से आवश्यक सुगम्यता सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु बिना किसी बाधा के माता श्री नैना देवी जी के दर्शन कर सके।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मंदिर न्यास ने 31 मार्च, 2027 तक श्री नैना देवी जी मंदिर परिसर में पूर्णतः सुलभ एवं बाधारहित व्यवस्था प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

उपायुक्त ने मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि 28 अप्रैल 2025 से 27 अगस्त 2026 तक की अवधि में लगभग 3 करोड़ रुपये के विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनमें से अधिकतर कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोलांवाला टोबा से पड़ो का परौंण तक पैदल मार्ग पर हाईमास्ट लाइट स्थापित की गई है। जबकि गुफा से मंदिर तक कैनोपी की विशेष मरम्मत एवं स्तंभों के पुनर्संरेखण का कार्य पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि गुफा पार्किंग से मंदिर तक पैदल रास्ते का निर्माण कार्य, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्मार्ट सोलर सोल्युशन की सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है। इसके अतिरिक्त अन्य विकास कार्य जहां प्रगति पर है तो वहीं अन्यों की टैंडर प्रक्रिया विभिन्न चरणों में पूर्ण की जा रही है ताकि सभी कार्यों को समयबद्ध पूर्ण कर लिया जाए।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंद्र कौर, मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम श्री नैना देवी जी धर्मपाल, सहायक नियंत्रक (वित्त एवं लेखा) मंदिर न्यास मुनीष सरीन, मंदिर अधिकारी चतर सिंह के अतिरिक्त मंदिर न्यास के तकनीकी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed