शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी को हमेशा याद रखा जाएगा। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें याद करते हुए विनय कुमार ने कहा कि देश के डिजिटल विकास और युवा सशक्तिकरण की बुनियाद राजीव गांधी ने ही रखी थी। राजीव गांधी 40 वर्ष की आयु में भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने थे। उनका जीवन और नेतृत्व दूरदर्शिता, आधुनिक दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। भारत में कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक लाने का श्रेय राजीव गांधी को ही जाता है। उन्होंने ‘सी-डॉट’ की स्थापना के साथ देश के कोने-कोने तक टेलीफोन नेटवर्क पहुँचाया, जिसने आज के ‘डिजिटल इंडिया’ की नींव रखी।
राजीव गांधी ने मताधिकार की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की, जिससे देश के युवाओं को राजनीति और राष्ट्र निर्माण में सीधी भागीदारी का अधिकार मिला। सत्ता के विकेंद्रीकरण के लिए राजीव गांधी ने मजबूत कदम उठाए। उनके प्रयासों के कारण ही 73वें और 74वें संविधान संशोधन के ज़रिए ग्राम पंचायतों और नगर निकायों को संवैधानिक दर्जा मिला।
शिक्षा क्षेत्र में 1986 में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की गई। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को नि:शुल्क और बेहतरीन शिक्षा प्रदान करने के लिए जवाहर नवोदय विद्यालयों की शुरुआत भी इन्हीं के कार्यकाल में हुई।
विनय कुमार ने कहा कि राजीव गांधी का मानना था कि भारत की प्रगति तभी संभव है जब देश में शांति, भाईचारा और एकता का माहौल हो। इसीलिए उनकी जयंती को ‘सद्भावना दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
राजीव गांधी का विचार स्पष्ट था कि भारत को 21वीं सदी में एक आधुनिक, तकनीकी रूप से सक्षम और समावेशी राष्ट्र के रूप में खड़ा करना। आज जब भारत प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में दुनिया भर में नाम कमा रहा है, तो उनकी दूरगामी सोच की झलक साफ दिखाई देती है।
इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किए।












