सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई सर्वदलीय बैठक – कुलदीप पठानिया
सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई सर्वदलीय बैठक – कुलदीप पठानिया
शिमला: सर्वदलीय बैठक सम्पन्न होने के पश्वात इलैक्ट्रॉनिक मीडिया को सम्बोधित करते हुए विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सत्र निर्विघ्न चले इसके लिए आज अपराह्न 4:30 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी। सत्र आरम्भ होने से पूर्व यह बैठक अहम मानी जाती है। इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री हर्ष वर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां मौजूद थे। 10 दिनों तक चलने वाले इस मॉनसून सत्र में आने वाले विषयों सम्बन्घी जानकारी इस बैठक दौरान उपलब्ध करवाई गई। बैठक के दौरान विधान सभा अध्यक्ष ने सत्तापक्ष तथा प्रतिपक्ष के सभी माननीय सदस्यों से सदन संचालन में भरपूर सहयोग की अपील की। पठानिया ने कहा कि सत्र निर्विघ्न चले, सदन में सार्थक चर्चा हो तथा जनता से जुड़े मुद्दों पर सभी सदस्य अपने विचारों की अभिव्यक्ति करें के लिए सभी का सहयोग वांछित है।
पठानिया ने कहा कि 14वीं विधान सभा की उत्पादकता इस मॉनसून सत्र से पूर्व औसतन 90 से 132 प्रतिशत तक रही है जो देश मे सर्वाधिक है। उन्होने आशा व्यक्त की है कि सभी माननीय सदस्यों के सहयोग से इसे भविष्य में भी हासिल करने में अवश्य कामयाब रहेंगे। उन्होने कहा कि समय की कोई कमी नहीं है। जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा करने के लिए उपयुक्त समय दिया जाएगा। पठानिया ने कहा कि इस सदन की अपनी गरिमा है तथा इसकी उच्च परम्पराएं हैं अत: नियमों की परिधि में रहकर विपक्ष सरकार से सवाल करे तथा सरकार का भी दायित्व है कि विपक्षी सदस्यों द्वारा पूछे गए प्रश्नों तथा सूचनाओं का स्पष्ट तथा स्टीक उत्तर दें। पठानियां ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने बैठक के दौरान शून्यकाल से सम्बन्घित कुछ बातें रखीं। जिसके निराकरण के लिए वह दिन में 3:00 बजे उनसे मुलाकात करने आए हि0प्र0 सरकार के मुख्य सचिव को पहले ही बता चुके थे। पठानियां ने बैठक में मौजूद संसदीय कार्यमंत्री को नेता प्रतिपक्ष द्वारा उठाए गए विषय को गम्भीरता से लेने की बात कही। बैठक में मौजूद दोनों पक्षों के नेताओं ने विशेषकर नेता प्रतिपक्ष ने सदन संचालन में भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया।