कुल्लू: पुल की रेलिंग से टकराई बाइक, नाले में गिरने से दो युवकों की मौत
कुल्लू: पुल की रेलिंग से टकराई बाइक, नाले में गिरने से दो युवकों की मौत
कुल्लू: कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पतलीकूहल के समीप मंगलवार देर रात बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक पुल से नीचे बड़ाग्रां नाले में जा गिरे और उनकी मौत हो गई। मृतकों में एक राजस्थान और दूसरा पंजाब का युवक है। ये दोनों कुल्लू में मजदूरी करते थे। इन दिनों सेब की पैकेजिंग का कार्य कर रहे थे। देर रात राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने दोनों शव बरामद किए। देर रात अंधेरा होने के कारण काफी देर तक हादसे का किसी को पता नहीं चला। इसके बाद बंजार उपमंडल के थ्रींबला गांव निवासी प्रशांत अपने मित्र विनय कुमार के साथ पराशर से मनाली लौट रहे थे। रात करीब 11:40 बजे उन्होंने पुल के पास एक बाइक (एचपी34ई-6538) सड़क पर गिरी देखी।
संदेह होने पर दोनों ने मोबाइल की रोशनी से नीचे नाले में देखा तो एक व्यक्ति पानी में पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। पहले एक युवक और फिर कुछ दूरी पर दूसरा युवक नाले से बरामद हुआ। बाइक चालक की पहचान कृपा राम (30) पुत्र जेठा राम निवासी समदड़ी, जिला बालोतरा, राजस्थान के रूप में हुई। वहीं, सवार विक्रम (24), निवासी पंजकोसी, जिला फजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106 के तहत एफआईआर दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।