हमीरपुर : 22 अगस्त को लगेगी विशेष लोक अदालत और 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत

हमीरपुर :अदालतों में लंबित मामलों को मध्यस्थता, आपसी सहमति एवं सुलह के साथ निपटाने तथा अन्य मामलों के भी त्वरित निपटारे के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों के समय एवं धन की बचत हो सके और उनके लिए न्याय सुलभ हो सके। इसी कड़ी में, मेडिएशन फॉर द नेशन (मध्यस्थता राष्ट्र के लिए) 3.0 अभियान आरंभ किया जा रहा है।

जिला हमीरपुर के सभी न्यायिक परिसरों में भी इस अभियान के तहत विभिन्न मामलों के पक्षकारों के बीच मध्यस्थता करके उनके मामलों को आपसी सहमति एवं सुलह के साथ निपटाने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट एवं चैक बाउंस से संबंधित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 22 अगस्त को जिला हमीरपुर के न्यायिक परिसरों में भी विशेष लोक अदालतें लगाई जाएंगी। इसके अलावा अन्य मामलों के त्वरित निपटारे के लिए इन्हीं न्यायिक परिसरों में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालतें लगाई जाएंगी।

कुलदीप शर्मा ने अदालतों में लंबित मामलों के पक्षकारों से इन लोक अदालतों और मेडिएशन फॉर द नेशन (मध्यस्थता राष्ट्र के लिए) 3.0 अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed