शिमला: ब्योलिया में कुसुम्पटी शिक्षा खंड की मासिक बैठक आयोजित
शिमला: ब्योलिया में कुसुम्पटी शिक्षा खंड की मासिक बैठक आयोजित
बैठक की अध्यक्षता उपनिदेशिका (प्रारंभिक शिक्षा) निशा भलूनी ने की
शिमला: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ब्योलिया में कुसुम्पटी शिक्षा खंड की मासिक बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपनिदेशिका (प्रारंभिक शिक्षा) निशा भलूनी ने की। बैठक में निशा शर्मा, बीपीओ कुसुम्पटी व प्रधानाचार्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ,बयोलिया, सुमन चंदेल, प्रधानाचार्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेहली और अजय वशिष्ट प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खलिनी और बीईईओ कुसुम्पटी मधुबाला शर्मा भी उपस्थित रहे। तीनों विद्यालय क्लस्टर प्रमुखों द्वारा क्लस्टर व्यवस्था के तहत किए गए प्री प्राइमरी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रयासों को साझा किया गया तथा उनके द्वारा किए गए कार्यों को सभी केंद्रीय प्राथमिक मुख्य शिक्षकों द्वारा सराहा गया। विद्यालयों के प्रभावी संचालन एवं गुणवत्ता सुधार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें VSK का समयबद्ध निस्तारण, अतिथि भोज, विद्यालय एवं मध्याह्न भोजन की स्वच्छता, पुस्तकालय एवं विज्ञान प्रयोगशाला का प्रभावी संचालन, डिजिटल लाइब्रेरी का उपयोग, मध्याह्न भोजन में अंडे एवं फलों का वितरण, एमडीएम उपकरणों का रखरखाव, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग तथा हिमाचल प्रदेश के शिक्षकों के लिए राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि शून्य संख्या वाले मर्ज किए गए विद्यालयों के भवन व आधारभूत संरचना को आवश्यकतानुसार अस्थाई तौर पर पंचायत अथवा आंगनबाड़ी को हस्तांतरित किया जाए। अपने संबोधन में श्रीमती निशा भलूनी ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे शिक्षा में नवीन तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग करें, विद्यालयों में स्वच्छ एवं प्रेरणादायक वातावरण बनाए रखें तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा नवाचार आधारित शिक्षण पर विशेष बल दिया।