ताज़ा समाचार

HRTC के बेड़े में शामिल होंगी 1000 इलेक्ट्रिक बसें; जनता की मांग के अनुरूप बढेगी बस सेवाएं – मुकेश अग्निहोत्री

उप मुख्यमंत्री ने नालागढ़ से इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी

सोलन: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सोलन ज़िला के नालागढ़ में हिमाचल पथ परिवहन निगम की इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर नालागढ़ से प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी के लिए नई बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा आने वाले समय में एच.आर.टीसी के बेड़े में 1000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जनता की मांग के अनुरूप एचआरटीसी नई बस सेवाएं शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इलेक्ट्रिक बसों के सुचारू संचालन के लिए नालागढ़ बस अड्डे में दो चार्जिंग स्टेशन पर तथा दो चार्जिंग स्टेशन वर्कशॉप में स्थापित किए जा चुके हैं। इससे भविष्य में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को और मज़बूती मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एच.आर.टी.सी. पिछले 52 वर्षों से प्रदेश के लोगों को बेहतर परिवहन सेवाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि एच.आर.टी.सी. प्रदेश में प्रत्येक दुर्गम स्थान तक बस सेवा के माध्यम से लोगों के जीवन को सुगम बना रही है। प्रदेश पथ परिवहन निगम व्यावसायिक नहीं अपितु कल्याणकारी संस्था के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि निगम घाटे के बावजूद भी प्रदेश के दूर-दराज, दुर्गम एवं अन्य क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान कर हिमाचल एवं जन-जन के विकास को सम्बल प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि निगम वर्तमान में 27 वर्गों को रियायती यात्रा सुविधा भी उपलब्ध करवा रहा है।

उन्होंने कहा कि व्यवसायिक वाहनों की आयु सीमा 12 से 15 वर्ष किए जाने का मामला भी केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि इस संबंध में उचित निर्णय लिया जा सके।

उन्होंने विधायक नालागढ़ हरदीप बाबा की मांग पर बद्दी से एम्स बिलासपुर वाया रामशहर तथा बद्दी से एम्स बिलासपुर वाया बघेरी नई बस सेवाएं शुरू करने की घोषणा भी की।

मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर नालागढ़ के विधायक हरदीप बाबा की कार्यशैली एवं जनता के प्रति समर्पण भाव की सराहना की। हरदीप सिंह बावा की विभिन्न मांगों को समयबद्ध पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नालागढ़ डिपो को सबसे पहले 15 इलेक्ट्रिक बसें भी विधायक की मांग पर ही उपलब्ध करवाई गई थीं और भविष्य में भी क्षेत्र के विकास तथा परिवहन सुविधाओं के विस्तार में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

नालागढ़ के विधायक हरदीप बाबा ने इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। उन्होंने बद्दी से एम्स बिलासपुर वाया रामशहर तथा बद्दी से एम्स बिलासपुर वाया बघेरी नई बस सेवाएं शुरू करने का आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने व्यवसायिक वाहनों के परमिट की अवधि 12 से 15 वर्ष किए जाने का मामला भी उठाया।

विधायक ने नालागढ़ डिपो को 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाने के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

उप मुख्यमंत्री ने तदोपरांत लगभग 07 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले नालागढ़ स्थित ऑटोमैटिक टैस्टिंग स्टेशन (ए.टी.एस) का निरीक्षण भी किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed