कांगड़ाः पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने धर्मशाला के साथ लगते वंडर वर्ल्ड रिसोर्ट में आयोजित नॉर्थ इंडिया सीनियर महिला-पुरुष पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप का आज शुभारम्भ किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि सरकार कोई भी हो, विकास पूरे प्रदेश का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी जिला या क्षेत्र के विकास को तरजीह देने के बजाय पूरे प्रदेश का विकास सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की सभी योजनाओं को अपने ही विधानसभा क्षेत्र में लेकर जा रहे हैं जबकि विकास पूरे प्रदेश का एक साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को प्रदेश का एक साथ विकास करना चाहिए न की सिर्फ अपने ही जिला का।
धर्मशाला को राजधानी का दर्जा देने बारे प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष द्वारा दिए गए बयान कि इस बारे सरकार पुनर्विचार कर सकती है पर वीरभद्र सिंह ने कहा कि जिस क्षेत्र का जो महत्व है, वो बना रहना चाहिए, यदि कोई राजनीतिज्ञ या अधिकारी ऐसी बात करता है तो यह उसकी नासमझी को दर्शाता है।