मण्डी: पशु मित्र नीति-2025 के अंतर्गत उपमंडल सदर में पशु मित्रों के कुल 7 रिक्त पदों को भरने की चयन प्रक्रिया जारी है। इन पदों में सीमेन बैंक मंडी के 2, पशु रोग अन्वेषण प्रयोगशाला मंडी के 2, क्षेत्रीय पशु चिकित्सालय मंडी का 1, पशु औषधालय खड़कल्याणा का 1 तथा पशु औषधालय पद्धियूं का 1 पद शामिल है।
पशु मित्र संलग्नता समिति की सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपाशा मल्होत्रा ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 197 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से जांच के बाद 165 अभ्यर्थियों को पात्र पाया गया। पात्र अभ्यर्थियों में 100 पुरुष एवं 65 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा मंगलवार को पड्डल मैदान, मंडी में आयोजित की गई। परीक्षा में 53 पुरुष अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिनमें से 35 अभ्यर्थी निर्धारित मानकों को पूरा करते हुए सफल रहे। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 5 किलोमीटर की दौड़ 30 मिनट के भीतर पूरी करना अनिवार्य था।
डॉ. मल्होत्रा ने बताया कि महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 8 जुलाई 2026 को प्रातः 8:00 बजे पड्डल मैदान, मंडी में आयोजित की जाएगी। सभी महिला अभ्यर्थियों को पंजीकरण के लिए प्रातः 7:45 बजे तक निर्धारित स्थल पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। महिला अभ्यर्थियों के लिए 1500 मीटर की दौड़ 10 मिनट के भीतर पूरी करना अनिवार्य होगा।













