बिलासपुर: जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, बिजेंद्र पठानिया बिलासपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि विकासखंड सदर की ग्राम पंचायत निचली भटेड के वार्ड संख्या-7, गांव देलग में संचालित उचित मूल्य की दुकान के विक्रेता के आकस्मिक निधन के कारण उक्त दुकान का पुनः आबंटन किया जाना है। इसके लिए इच्छुक एवं पात्र आवेदकों से 25 जुलाई, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन निर्धारित पोर्टल https://emerginghimachal.hp.gov.in/backoffice/site/login पर अपलोड किए जा सकते हैं। उचित मूल्य की दुकान के आबंटन हेतु चयन सरकार द्वारा निर्धारित पात्रता एवं मेरिट आधारित मानदंडों के अनुसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ निर्धारित सभी अनिवार्य दस्तावेज अपलोड करना आवश्यक होगा। इनमें शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, वार्ड प्रमाण पत्र, श्रेणी संबंधी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), शिक्षित बेरोजगार प्रमाणपत्र, शपथ पत्र, दुकान/गोदाम संबंधी दस्तावेज तथा अन्य आवश्यक अभिलेख शामिल हैं। आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया अथवा पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, बिलासपुर के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।