शिमला: मनीषा मर्डर केस; भाई ही निकला हत्या का मास्टरमाइंड

शिमला: मनीषा मर्डर मामले में शिमला पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शिमला पुलिस ने हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए साजिश के मास्टरमाइंड मृतिका के भाई हिमांक मित्तल और उसके पार्टनर गोविंद को गिरफ्तार कर लिया है। मृतिका मनीषा मित्तल का अपने भाई हिमांक मित्तल और हिमांक के पार्टनर गोविंद के साथ प्रॉपर्टी विवाद चल रहा था। जांच में सामने आया कि हिमांक ही इस हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड था। हिमांक ने गोविंद के साथ मिलकर दोनों शूटरों को मनीषा को मारने की सुपारी दी थी।

पुलिस दवारा दी जानकारी के अनुसार दिनांक 13.06.2026 को शिमला स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल के पास मनीषा मित्तल की दो अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही जिला शिमला पुलिस ने मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जांच प्रारंभ की। घटनास्थल का फोरेंसिक टीम द्वारा निरीक्षण कर साक्ष्य इकट्ठे किए गए। गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा सीसीटीवी फुटेज, एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। स्पेशल पुलिस टीम गठित कर उन्हें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और अन्य राज्यों में भेजा गया तथा खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान यह स्थापित किया गया कि हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी हरियाणा से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में शिमला आए थे। पुलिस ने वाहन की पहचान स्थापित करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। 39 घंटों के भीतर शिमला पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से दोनों शूटरों, आशीष अहलावत एवं दीपक, को गिरफ्तार कर लिया तथा उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई दोनों पिस्तौल भी बरामद कर लीं।

आगामी जांच में ये पाया गया की मृतका मनीषा मित्तल, का पूर्व में अपने भाई हिमांक मित्तल व उसके पार्टनर गोविन्द के साथ प्रॉपर्टी डिस्प्यूट चल रहा था। जांच में पाया गया कि गोविंद ने घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार किराए पर लेकर दोनों शूटरों को उपलब्ध करवाई थी। यह भी सामने आया कि गोविंद ने आरोपी दीपक को पैसे ट्रांसफर किए थे। इसके अलावा, घटना से कुछ दिन पहले गोविंद, दीपक और आशीष अहलावत की लोकेशन शिमला में पाई गई। घटना के बाद गोविंद फरार हो गया था। पुलिस से बचने के लिए वह विदेश चला गया और अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया था। लगातार प्रयासों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दिनांक 28.06.2026 को आरोपी गोविंद पुत्र गजाये सिंह, निवासी रोहतक, हरियाणा, उम्र: 31 वर्ष, को रोहतक (हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया है कि श्रीमती मनीषा मित्तल की हत्या उसी ने करवाई थी। जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि घटना से कुछ दिन पहले हिमांक मित्तल ने गोविंद के खाते में ₹8.5 लाख ट्रांसफर किए थे। जांच में एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर यह पाया गया कि हिमांक ही इस हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड था तथा हिमांक ने गोविंद के साथ मिलकर, दीपक व आशीष को इस वारदात को अंजाम देने के लिए नियुक्त किया। इसके आधार पर आरोपी हिमांक मित्तल पुत्र श्री धर्मपाल मित्तल, निवासी रोहतक हरियाणा, उम्र 33 वर्ष को, दिनांक 29.06.2026 को रोहतक हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया है।

जिला शिमला पुलिस ने लगातार प्रयास, तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर इस मामले का सफल खुलासा किया है। मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिला पुलिस शिमला आम जनता की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed