मण्डी और पालमपुर में मेयर और डिप्टी मेयर की नियुक्ति

मण्डी: उपायुक्त ने नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई

सुमन ठाकुर महापौर एवं जितेंद्र शर्मा उप महापौर निर्वाचित

मण्डी: नगर निगम मंडी के महापौर (मेयर) एवं उप महापौर (डिप्टी मेयर) पदों के लिए सोमवार को नगर निगम कार्यालय, मंडी के सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। दोनों पदों के लिए एक-एक नामांकन प्राप्त होने के कारण सुमन ठाकुर को महापौर तथा जितेंद्र शर्मा को उप महापौर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया की अध्यक्षता उपायुक्त एवं प्राधिकृत अधिकारी अपूर्व देवगन ने की। इस अवसर पर नगर निगम मंडी के सभी 14 नवनिर्वाचित पार्षद उपस्थित रहे।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार महापौर पद के लिए वार्ड नम्बर नौ पैलेस दो से सुमन ठाकुर तथा उप महापौर पद के लिए वार्ड नम्बर ग्यारह समखेतर से जितेंद्र शर्मा ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। दोनों पदों के लिए अन्य कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ, जिसके चलते प्राधिकृत अधिकारी ने दोनों को क्रमशः महापौर एवं उप महापौर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।

इससे पहले उपायुक्त एवं प्राधिकृत अधिकारी अपूर्व देवगन ने नगर निगम के सभी 14 नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने नवनिर्वाचित महापौर, उप महापौर तथा सभी पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नगर निगम मंडी जनहित, पारदर्शिता एवं विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नगर निगम के आयुक्त रोहित राठौर ने बैठक का संचालन किया।

इस अवसर पर सदर के विधायक अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, नगर निगम के सहायक आयुक्त विजय कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर निगम पालमपुर राधा सूद सर्वसम्मति से बनीं महापौर, नीलम मलिक चुनी गईं उपमहापौर

पालमपुर: नगर निगम पालमपुर परिसर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में 15 नवनिर्वाचित पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई।
समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल, नगर निगम आयुक्त नेत्री मेती, एसडीएम पालमपुर ओ.पी. यादव, डीएसपी सुनील राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने नवनिर्वाचित पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शहरी निकाय लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं तथा शहरी विकास और जनकल्याण की दिशा तय करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पार्षद जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा क्षेत्र के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देंगे।
शपथ ग्रहण करने वाले पार्षदों में अप्पर पालमपुर से राधा सूद, लोहना से इन्द्र पाल, पालमपुर खास से रणजीत कौर, आईमा से शैलजा चौहान, सुघर से रविन्द्र कुमार, घुग्गर खिलड़ू से कविता मिन्हास, बिंद्रावन से सविता राठौर, खलेट से रितेश ठाकुर, चौक से मीनू देवी, मारंडा से नीलम मलिक, राजपुर से किरना देवी, घुग्गर टांडा से ललित कुमार शर्मा, टांडा से अंचना, बनूरी से मोनिका शर्मा तथा होल्टा से राजकुमार शामिल रहे।
इसके उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में महापौर एवं उपमहापौर का चुनाव संपन्न हुआ। महापौर पद के लिए राधा सूद को सर्वसम्मति से चुना गया, जबकि उपमहापौर पद पर नीलम मलिक का भी सर्वसम्मति से निर्वाचन हुआ।

अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने नव-निर्वाचित महापौर एवं उपमहापौर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed