सोलन: ज़िला स्तरीय बाड़ीधार मेला सम्पन्न; संजय अवस्थी बोले- देव संस्कृति हमारी पहचान और इसका संरक्षण हम सभी का कर्तव्य

सोलन: अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि देव संस्कृति हमारी पहचान है और इसका संरक्षण करना हम सभी का कर्तव्य है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरयांज में ज़िला स्तरीय बाड़ीधार मेले के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने इससे पूर्व बाड़ा देव मंदिर में पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों के सुखी व स्वस्थ जीवन की कामना की।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में देव संस्कृति के संरक्षण के लिए सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग के अनुरूप मुख्यमंत्री द्वारा ऐतिहासिक बाड़ीधार मेले को ज़िला स्तरीय करने की अधिसूचना जारी करना देव संस्कृति को संरक्षित रखने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने इस सकारात्मक कदम के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

संजय अवस्थी ने कहा कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बाड़ीधार में अधोसरंचना विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सवावा गांव से बाड़ीधार को जोड़ने के लिए रज्जो मार्ग बनाने के कार्य को विधायक प्राथमिकता में डाला गया है। रज्जो मार्ग के निर्माण के लिए लगभग 150 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि बाड़ीधार क्षेत्र में ईको टूरिज़्म को विकसित करने के लिए वन विभाग द्वारा प्रारूप तैयार किया गया है। ईको टूरिज़्म के माध्यम से क्षेत्र में विकास कार्य की टैंडर प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि ईको टूरिज़्म से न केवल क्षेत्र विकसित होगा अपितु रोज़गार के अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने बाड़ीधार में पार्किग के निर्माण के लिए 02 लाख रुपए तथा पम्मड़ के पास बने हेलीपेड के विस्तार के लिए 01 लाख रुपए देने की घोषणा की।

उन्होंने चनैड़ क्षेत्र में पेयजल भण्डारण टैंक के निर्माण के लिए अनुमानित राशि के अनुरूप धनराशि देने का आश्वासन दिया।

विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed