हिमाचल: प्रदेशव्यापी एंटी- चिट्टा जन-आंदोलन के तहत नशा तस्करी के विरुद्ध राज्यभर में निरंतर अभियान जारी

शिमला: मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश द्वारा 15 नवम्बर 2025 को आरम्भ किए गए प्रदेशव्यापी एंटी- चिट्टा जन-आंदोलन के अंतर्गत “चिट्टा-मुक्त हिमाचल” के संकल्प को साकार करने हेतु हिमाचल प्रदेश पुलिस एवं स्पेशल टास्क फोर्स (STF) द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध राज्यभर में निरंतर, सुनियोजित एवं कठोर अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 15 जून 2026 को हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा राज्यभर में एक विशेष सत्यापन एवं प्रोफाइलिंग अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत अन्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में एनडीपीएस मामलों में गिरफ्तार किए गए हिमाचल प्रदेश के 278 निवासियों तथा हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस मामलों में गिरफ्तार अन्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 382 निवासियों का विस्तृत सत्यापन एवं प्रोफाइलिंग की गई। राज्य के सभी जिलों में एक साथ चलाए गए इस समन्वित अभियान के दौरान कुल 660 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया तथा उनकी पृष्ठभूमि, आपराधिक गतिविधियों, वर्तमान स्थिति, स्थानीय संपर्कों एवं नशा तस्करी से संबंधित संभावित नेटवर्क का आकलन किया गया।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के अंतर्राज्यीय संबंधों, गतिविधियों तथा संगठित आपराधिक नेटवर्क की पहचान करना है, ताकि ऐसे व्यक्तियों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जा सके तथा उनके विरुद्ध आवश्यकतानुसार प्रभावी कानूनी एवं निवारक कार्रवाई की जा सके। अभियान के दौरान एकत्रित जानकारी का विश्लेषण कर नशा तस्करी के स्रोतों, आपूर्ति श्रृंखला तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध अपनाई गई समग्र रणनीति के अंतर्गत इस प्रकार की प्रोफाइलिंग एवं सत्यापन गतिविधियां भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगी, जिससे राज्य में सक्रिय अथवा राज्य से जुड़े नशा तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके तथा “चिट्टा-मुक्त हिमाचल” के लक्ष्य को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रदेशवासियों से पुनः अपील करती है कि चिट्टा अथवा अन्य किसी भी मादक पदार्थ की तस्करी, बिक्री, भंडारण अथवा सेवन से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल 112 या निकटतम पुलिस थाना को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, जनसहयोग तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी से हिमाचल प्रदेश
पुलिस “चिट्टा-मुक्त हिमाचल” के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता, दृढ़ संकल्प एवं निरंतर कार्रवाई के साथ आगे बढ़ रही है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed