चंबा: CM सुक्खू ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी में की सिविल कोर्ट खोलने की घोषणा

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार ने की विभिन्न पहलेंः मुख्यमंत्री

चंबा: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज चंबा ज़िला के भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी में सिविल कोर्ट खोलने की घोषणा की। उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर क्षेत्र में सीबीएसई सम्बद्ध स्कूल खोलने की भी घोषणा की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए 10 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी चौगान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए यह घोषणाएं कीं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अगले माह से ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करेगी। इस योजना के तहत गरीब परिवारों की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली तथा स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना से भटियात विधानसभा क्षेत्र के लगभग 10 हजार पात्र परिवारों की 20 हजार महिलाएं लाभान्वित होंगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने चंबा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित किया है। अपने गृह विधानसभा क्षेत्र भटियात का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले इस क्षेत्र को पिछड़ा विधानसभा क्षेत्र माना जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल आपूर्ति सहित सभी क्षेत्रों में इसका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया है।
इस दौरान, सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नंद लाल के निधन तथा युवा कांग्रेस नेता चंद्रमणि कुलेठी के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, पूर्व विधायक अजय महाजन, ज़िला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed