नशा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य के साथ प्रदेशभर में आयोजित होगा ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’
नशा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य के साथ प्रदेशभर में आयोजित होगा ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’
शिमला: युवाओं की ऊर्जा का खेल गतिविधियों की ओर सकारात्मक प्रवाह सुनिश्चित करने तथा नशे के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई को मजबूत बनाने के उद्देश्य से युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश में ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान 2026’ का आयोजन किया जाएगा। विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध करवाना भी है। उन्होंने कहा कि यह पहल मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त राज्य बनाने के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक खेल गतिविधियों से जोड़ने तथा खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाकर नशे से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस चैंपियनशिप में ‘क्रिकेट, वॉलीबॉल और कबड्डी की प्रतियोगिताएं पुरुष एवं महिला वर्ग में अलग-अलग आयोजित की जाएंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा। प्रतियोगिता उपमंडल स्तर, जिला स्तर और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमें अगले स्तर की प्रतियोगिता के लिए आगे बढ़ेंगी। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन को बढ़ावा देने के लिए आकर्षक नकद पुरस्कारों की घोषणा की गई है। उपमंडल स्तर पर प्रथम पुरस्कार 51,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 41,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 31,000 रुपये प्रदान किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार 2 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1.50 लाख रुपये और तृतीय पुरस्कार 1 लाख रुपये प्रदान किया जाएगा। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 31 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 15 लाख रुपये, तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। प्रवक्ता ने बताया कि पात्र प्रतिभागी आधिकारिक पोर्टल https://khelohimachal.hp.gov.in के माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश सरकार की युवा सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता और एक स्वस्थ, सशक्त एवं नशा मुक्त हिमाचल प्रदेश के निर्माण के संकल्प को दर्शाती है।