शिमला में मई में 8.5 लाख और जून में अब तक 3.8 लाख वाहनों की आवाजाही दर्ज
शिमला में मई में 8.5 लाख और जून में अब तक 3.8 लाख वाहनों की आवाजाही दर्ज
पर्यटन सीजन के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था हेतु शिमला पुलिस के विशेष प्रबंध
शिमला : शिमला में पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों की भारी आमद को देखते हुए शिमला पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु व्यापक एवं प्रभावी प्रबंध किए गए हैं। माह मई 2026 के दौरान शिमला के प्रमुख प्रवेश मार्गों शोगी, बिलासपुर तथा किन्नौर की ओर से लगभग 8.5 लाख वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। वहीं जून माह में अब तक विभिन्न प्रवेश बिंदुओं से लगभग 3.8 लाख वाहनों की आवाजाही दर्ज की जा चुकी है। इतनी बड़ी संख्या में वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए शिमला पुलिस द्वारा निम्नलिखित रणनीतियाँ अपनाई गई हैं—
1. अतिरिक्त पुलिस बल, होमगार्ड एवं स्वयंसेवकों की तैनाती पर्यटन सीजन के दौरान यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। वर्ष 2025 में जहां यातायात प्रबंधन हेतु 127 पुलिस एवं होमगार्ड कर्मी तैनात थे, वहीं वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़ाकर 210 कर दी गई है। इसके अतिरिक्त समर फेस्टिवल के दौरान तैनात की गई तीन रिजर्व , जिनमें लगभग 70 पुलिस कर्मी शामिल हैं, को पुलिस मुख्यालय से विशेष अनुरोध कर पर्यटन सीजन के दौरान भी शिमला में बनाए रखा गया है ताकि बढ़ते यातायात दबाव का प्रभावी प्रबंधन किया जा सके। साथ ही शिमला पुलिस द्वारा सिविल वालंटियर्स एवं छात्र स्वयंसेवकों को भी यातायात प्रबंधन में सक्रिय रूप से शामिल किया गया है। वर्तमान में लगभग 50 स्वयंसेवक विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की सहायता कर रहे हैं। 2. ट्रैफिक बाइक राइडर्स की संख्या में वृद्धि शिमला पुलिस द्वारा 32 ट्रैफिक बाइक राइडर्स विभिन्न सेक्टरों में तैनात किए गए हैं। ये मोबाइल यूनिट्स किसी भी यातायात संबंधी स्थिति पर त्वरित प्रतिक्रिया देकर यातायात को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
3. इंटरसेप्टर वाहनों की तैनाती यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न क्षेत्रों में इंटरसेप्टर वाहन संचालित किए जा रहे हैं, जो नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।
4. शहर को पाँच सेक्टरों में विभाजित कर निगरानी व्यवस्था यातायात प्रवाह की बेहतर निगरानी एवं नियंत्रण हेतु पूरे शिमला शहर को पाँच सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी एक राजपत्रित अधिकारी (NGO Grade-I Officer) को सौंपी गई है। इन अधिकारियों का मुख्य दायित्व अपने-अपने सेक्टर में यातायात का निर्बाध एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करना है।
5. प्रमुख पार्किंग स्थलों पर विशेष प्रबंधन व्यवस्था शहर के प्रमुख पार्किंग स्थलों पर पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है ताकि वाहनों का प्रवेश एवं निकास सुचारु रूप से संचालित हो सके। इससे पार्किंग स्थलों के आसपास अनावश्यक भीड़भाड़ एवं यातायात अवरोध को रोकने में सहायता मिल रही है तथा शहर के भीतर यातायात का दबाव कम हो रहा है।
6. वैकल्पिक मार्गों के उपयोग को प्रोत्साहन शिमला पुलिस पर्यटकों एवं स्थानीय निवासियों को समय की बचत तथा शहर में यातायात दबाव कम करने के उद्देश्य से वैकल्पिक मार्गों के उपयोग के लिए प्रेरित कर रही है। कुफरी, नारकंडा, ठियोग एवं किन्नौर की ओर जाने वाले यात्रियों को शोगी-मेहली बाईपास मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है। इस मार्ग के प्रयोग से शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होता है तथा यात्रियों का समय भी बचता है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 800 वाहन इस मार्ग की ओर डायवर्ट किए जा रहे हैं।
7. जागरूकता एवं जन-सूचना अभियान शिमला पुलिस द्वारा पर्यटकों एवं आम जनता को यातायात संबंधी जानकारी प्रदान करने हेतु जागरूकता एवं शैक्षिक वीडियो तैयार कर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा किए जा रहे हैं। हाल ही में जाखू मंदिर जाने के सर्वोत्तम मार्ग तथा शोगी-मेहली बाईफरकेशन के उपयोग संबंधी वीडियो जारी किए गए हैं, जिन्हें लोगों द्वारा व्यापक रूप से देखा जा रहा है।
8. सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ट्रैवलर, अर्बेनिया तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों को कार्ट रोड पर संचालित होने की अनुमति प्रदान की गई है, जिससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो तथा यातायात दबाव में कमी आए।
इन सभी उपायों के परिणामस्वरूप शहर में यातायात का प्रवाह सामान्य एवं सुचारु बना हुआ है तथा स्थानीय निवासियों एवं पर्यटकों को सुविधा प्राप्त हो रही है। यद्यपि कभी-कभी वाहनों के खराब हो जाने के कारण यातायात बाधित होता है, किन्तु ऐसी परिस्थितियों से शीघ्र निपटने हेतु शिमला पुलिस ने विभिन्न सेक्टरों में तीन क्रेनों की व्यवस्था की है, जो तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य करने का कार्य करती हैं।
शिमला पुलिस सभी पर्यटकों का हिमाचल प्रदेश एवं शिमला में हार्दिक स्वागत करती है तथा स्थानीय निवासियों एवं पर्यटकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा पुलिस द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील करती है, ताकि सभी के सहयोग से शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।