रिकांगपिओ : राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज सांगला घाटी की पंचायतों का दौरा कर रक्छम पंचायत में 2 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले आईस स्केटिंग रिंक का शिलान्यास किया।
कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रक्छम के खेल मैदान में जनसभा को सम्बोधित करते हुए बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006, सूचना का अधिकार अधिनियम-2005, मनरेगा अधिनियम, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय मनमोहन सिंह की तत्कालीन कांग्रेस सरकार की देन है। मनरेगा से गा्रमीण अंधोरंचना का विकास हुआ है तथा वन अधिकार अधिनियम-2006, को लाने का मुख्य उद्देश्य जनजातीय जिला के निर्धन एवं भूमिहीन लोगों को जमीन उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार वन अधिकार अधिनियम-2006 के माध्यम से जनजातीय लोगों लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नोतौड़ अधिनियम-1968 स्वर्गीय मुख्यमंत्री डॉ यशवंत सिंह परमार की देन है जिससे जन-जातीय लोगों व उपेक्षित वर्गों को भूमि का मालिकाना हक प्राप्त हुआ है। उन्होंने जिला के भूमिहीन लोगों से आग्रह किया कि वे इस अधिनियम का लाभ उठाएं तथा अपने नाम जमीन प्राप्त करें।
बागवानी मंत्री ने बताया कि जनजातीय जिला किन्नौर में वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में लगभग 800 निर्धन एवं उपेक्षित वर्गों के लोगों को भू पट्टे प्रदान किए गए हैं जिससे उन्हें जमीन का स्वामित्व प्राप्त हुआ है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि जिला किन्नौर जहां पर्यटन की दृष्टि से अहम है, वहीं सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थान है। बॉर्डर-टूरिज्म को खोलने से जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा वहीं सेना के लिए भारत की सीमा तक का सफर कम होगा और बॉर्डर-टूरिज्म में इज़ाफा होगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को भी पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जाएगा और विशेषकर साहसिक खेलों के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जाएगें। तथा स्थानीय आर्थिकी को बल मिल सके।
इससे पूर्व स्थानीय पंचायत प्रधान सुनीला नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।
इससे पश्चात् राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने गा्रंम पंचायत बटसेरी में 1 करोड 92 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाली मल निकासी योजना का शिलान्यास किया।
जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने देवता बद्रि नरायाण जी के प्रांगण में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार जनजातीय जिला किन्नौर में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी विकास के लाभ मिल रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बसपा नदी तटीकरण के तहत सुरक्षा दीवारों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाएगा ताकि आपदा प्रबंधन में मदद मिल सके।
जनजातीय विकास मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार भारतीय संविधान एवं लोकतंत्र को प्रभावित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और कांग्रेस पार्टी भारतीय लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
महिला मण्डल बटसेरी व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बटसेरी की छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए दस-दस हजार रुपये की राशि प्रदान की।
कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी का ग्राम पंचायत बटसेरी पहुंचने पर स्थानीय पंचायत प्रधान कान्ता देवी ने स्वागत किया व गांव की समस्याओं से मंत्री जी को अवगत करवाया।












