शिमला: संजौली के निजी स्कूल की संचालिका की गोली मार कर हत्या
शिमला: संजौली के निजी स्कूल की संचालिका की गोली मार कर हत्या
शिमला: राजधानी शिमला के संजौली स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शनिवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक निजी स्कूल के परिसर में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान मनीषा मित्तल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े सात बजे स्कूल गेट के समीप उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला को तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार, वारदात से कुछ देर पहले मनीषा पास की दुकान से मैगी और अन्य सामान लेकर लौटी थीं। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक गाड़ी में सवार होकर आए हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। प्राथमिक जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतका का अपने भाई के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
वहीं पुलिस दवारा जानकारी अनुसार: कुछ देर पहले पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका श्रीमती मीनाक्षी मित्तल की कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है।सूचना प्राप्त होते ही पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा मौके का निरीक्षण किया गया। घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। मामले में हत्या का अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है तथा घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। अभियुक्तों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और उनकी तलाश हेतु व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया जा रहा है।