हिमाचल की महिला प्रधान के पति की चंडीगढ़ में गोली मारकर हत्या..

चंडीगढ़ : हरियाणा व पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ के वीआईपी और सुरक्षित माने जाने वाले सेक्टर-11 में आज एक सनसनीखेज वारदात नेचंडीगढ़ के साथ साथ हिमाचल प्रदेश के लोगों को  भी हिला कर रख दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिमला जिला के रोहड़ू क्षेत्र के रहने वाले 45 वर्षीय जानकी दास की मेडिकल स्टोर के भीतर घुसकर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड का सीधा कनैक्शन हिमाचल से इसलिए जुड़ा है, क्योंकि जानकी दास की पत्नी ने हाल ही में रोहड़ू में हुए पंचायत चुनाव में प्रधान पद का चुनाव जीता है और वह वर्तमान में ग्राम पंचायत प्रधान हैं। 

जानकारी के अनुसार जानकी दास वर्तमान में चंडीगढ़ के धनास में रह रहे थे और कुमार मेडिकल स्टोर में कैशियर थे। वीडियो के अनुसार रविवार दोपहर करीब अढ़ाई बजे 2 नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। उन्होंने काऊंटर पर खड़े जानकी दास पर महज एक सैकेंड के भीतर ताबड़तोड़ 13 राऊंड फायर कर दिए। गोलियों की आवाज से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। खून से लथपथ जानकी दास को तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ के एसपी सुमेर प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस सूत्रों और प्राथमिक जांच के मुताबिक इस हत्या के पीछे लॉरैंस बिश्नोई गैंग का हाथ होने का अंदेशा जताया जा रहा है, क्योंकि इससे पहले कुमार कैमिस्ट शॉप के मालिकों को इस गैंग की तरफ से रंगदारी के लिए कई बार धमकियां और कॉल आ चुके थे। इस हत्याकांड से हिमाचल खासकर जिला शिमला के रोहड़ू में शोक की लहर दौड़ गई है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed