चुनाव परिणाम जनता के विश्वास और सरकार की नीतियों पर मुहर – CM सुक्खू

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां चुनाव परिणामों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत तथा जनहितकारी नीतियों पर जनता के विश्वास का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों ने विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता देने वाली राजनीति का समर्थन किया है। उन्होंने चुनाव में विजयी हुए सभी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 53 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव हुए जिनमें से 29 शहरी स्थानीय निकायों में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित 2400 प्रधान तथा 2300 उप-प्रधान चुने गए हैं।  
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनता द्वारा व्यक्त विश्वास सरकार को और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के समग्र विकास, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सेवा ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed