चंबा : चंबा जिले में शुक्रवार देर रात एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार देर रात चुराह उपमंडल में बैरगढ़-सच पास-किलर सड़क पर हुई, लेकिन स्थानीय लोगों को इसके बारे में शनिवार को पता चला। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही खुद मौक के लिए निकले एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के मुताबिक गाड़ी में सवार लोग साच पास घूमने के लिए निकले थे। जब वाहन कालाबन क्षेत्र के पास पहुंचा तो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। साच पास को हिमाचल प्रदेश के सबसे कठिन और खतरनाक रास्तों में से एक माना जाता है।। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि 3 शव बरामद किए गए हैं। कुल 8 लोग थे। इनमें 2 परिवार शामिल हैं। एक बेंगलुरु से और दूसरा छत्तीसगढ़ से। जबकि ड्राइवर स्थानीय था।
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के साच पास क्षेत्र में कालाबन-सतरुंडी मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।













