शिमला: पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर अनुपम कश्यप ने की सभी एसडीएम व खंड विकास अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक 

शिमला: जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम कश्यप ने पंचायत चुनावों को लेकर सभी  एसडीएम और खंड विकास अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की। बैठक में चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम कश्यप ने कहा कि पोलिंग पार्टियों  के रहने और खाने की सारी व्यवस्था की देख रेख संबधित पंचायत सचिव करेंगे।  उन्होंने  कहा कि पंचायत चुनाव  शांति पूर्वक तरीके से करवाए जायेंगे 

बैठक में मतदान दलों की आवाजाही के लिए खंड स्तर पर वाहनों एवं बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतदान कर्मियों, पोर्टरों सहित अन्य कर्मचारियों के लिए ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था करने पर भी चर्चा हुई। चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के भुगतान तथा संबंधित बिलों के समयबद्ध निपटारे के निर्देश भी जारी किए गए।

जिला प्रशासन ने चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित उपमंडलाधिकारियों (नागरिक) को आवश्यक कदम उठाने को कहा। इसके अतिरिक्त जिला परिषद उम्मीदवारों के चुनाव व्यय की निगरानी तथा कैंडिडेट एक्सपेंडिचर रिपोर्टिंग सिस्टम (CERS) के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

बैठक में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान और मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वेबकास्टिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। पहले से उपलब्ध आधारभूत संरचना का उपयोग करते हुए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने, रिजर्व एवं स्टैंडबाय वाहनों की तैनाती तथा मतगणना प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पंचायत पदाधिकारियों के सत्यापित विवरण निर्धारित प्रारूप में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजने के निर्देश भी दिए गए।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।

इस मौके पर एडीसी सचिन शर्मा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर  पंकज शर्मा, एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा, एसी टू डीसी देवी चंद ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed