15 मई सायं 3 बजे तक वापस लिए जा सकेंगे नामांकन, इसके बाद चुनाव चिन्ह होंगे आवंटित
मण्डी: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया जारी है। नाम वापसी के पहले दिन गुरुवार को कुल 236 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए हैं।
उन्होंने बताया कि 26, 28 और 30 मई को आयोजित होने वाले जिला परिषद, पंचायत समिति, ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्य पदों के चुनाव के लिए उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब नाम वापसी की प्रक्रिया चल रही है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए 2 उम्मीदवारों ने, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 11 उम्मीदवारों ने, ग्राम पंचायत प्रधान पद के लिए 55 उम्मीदवारों ने, उपप्रधान पद के लिए 36 उम्मीदवारों ने तथा ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य पद के लिए 132 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 15 मई को सायं 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के तुरंत बाद चुनाव मैदान में शेष उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।