बिलासपुर: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की आज जांच की गई। जांच के दौरान जिला कुल 21 नामांकन पत्र विभिन्न कारणों से रद्द हुए तथा अब कुल 4682 उम्मीदवार चुनावी दौड़ में बने हुए है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के उपरांत सही पाए गए उम्मीदवार आगामी 14 और 15 मई को अपराहन 3 बजे तक अपने नाम वापिस ले सकेंगे। नाम वापिसी की समयसीमा पूर्ण होने के उपरांत सम्बन्धित उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आबंटित कर दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिला में 14 जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 85 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जिनमें से 03 विभिन्न कारणों से रद्द हुए है। इसी प्रकार जिला की चार पंचायत समितियों के लिए कुल 435 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र भरे है तथा जांच के दौरान 06 नामांकन पत्र विभिन्न कारणों से रद्द हुए है।
वहीं जिला की 182 ग्राम पंचायतों के विभिन्न पदों के लिए कुल 4183 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं तथा जांच के दौरान 12 नामांकन पत्र विभिन्न कारणों से रद्द हुए है। जिनमें प्रधान पद के लिए 864 उम्मीदवारों में से 03 के नामांकन पत्र रद्द हुए है जबकि उप प्रधान पद के लिए दाखिल 956 नामांकन पत्रों में से 02 नामांकन पत्र तथा पंचायत सदस्यों के लिए दाखिल हुए 2363 नामांकन पत्रों में से 07 नामांकन पत्र रद्द हुए है।
राहुल कुमार ने बताया कि जिला की विभिन्न पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए कुल 4703 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए थे जिनमें से अब 4682 नामांकन पत्र ही सही पाए गए है।