मण्डी : मण्डी जिले के लडभड़ोल में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई। हादसा लडभड़ोल बाजार में पेट्रोल पंप के समीप पेश आया, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी युवक आसपास के गांवों के स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार नाबालिगों सहित छह युवकों की मौत हो गई। यह हादसा देर रात उस समय हुआ जब सभी युवक पड़ोस में आयोजित एक जन्मदिन समारोह से घर लौट रहे थे। सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। उन्होंने स्थानीय पुलिस की भी मदद ली।
इसी बीच, सुबह के समय एक बाइक सवार युवक ने खाई में गिरी दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा। उसने तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय नायब तहसीलदार, एसडीआरएफ की टीम और पुलिस थाना प्रभारी रणजीत कपूर दलबल सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पूरे क्षेत्र में इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान आयुष राय (21) पुत्र निवासी सिमस के रूप में हुई है। अनुज कुमार (18) निवासी सिमस भी मृतकों में शामिल हैं। यश राय (14) निवासी सिमस, पंकज कुमार (17) निवासी गवाला की भी मौत हुई है। अर्णव ठाकुर (15) निवासी गवाला और आदित्य कुमार (17) निवासी दरोब भी इस हादसे का शिकार हुए।
मुख्यमंत्री ने मण्डी जिला में सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंडी जिला के जोगिन्द्रनगर उपमंडल के लडभड़ोल में हुई सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार शोक संतप्त परिजनों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मण्डी के लडभड़ोल में दर्दनाक सड़क हादसे पर जगत प्रकाश नड्डा ने जताया गहरा शोक
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लडभड़ोल क्षेत्र के समीप एक कार के गहरी खाई में गिरने से कई लोगों की मृत्यु होने की दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।नड्डा ने कहा कि मंडी जिले के लडभड़ोल के पास हुए सड़क हादसे में कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है। इस दुखद घटना से प्रभावित परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।उन्होंने कहा कि इस प्रकार की दुर्घटनाओं में अपनों को खोने का दुख असहनीय होता है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। जगत प्रकाश नड्डा ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा, “दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें।” नड्डा ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।