ताज़ा समाचार

कांगड़ा: 28 मार्च से शुरु होगा पंचरुखी क्षेत्र का ऐतिहासिक राज्य स्तरीय सलयाणा छिंज मेला

पंचरुखी: पंचरुखी क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं सुप्रसिद्ध राज्य स्तरीय सलयाणा छिंज मेले की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मेले का विधिवत शुभारंभ आगामी 28 मार्च को होने जा रहा है। इस भव्य आयोजन की जानकारी आज मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) पालमपुर, डॉ. ओपी यादव ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी। इस अवसर पर उनके साथ तहसीलदार पंचरुखी अभिषेक भास्कर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

एसडीएम ने कहा कि मेले को इस वर्ष नए और आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया है। छिंज (कुश्ती) प्रतियोगिताओं को अधिक आकर्षक और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए पहली बार विजेता को मोटरबाइक पुरस्कार स्वरूप भेंट की जाएगी। इसके अतिरिक्त विजेता को 51,000 रुपये की नकद राशि भी प्रदान की जाएगी। खेल प्रेमियों के लिए कुश्ती के साथ-साथ वॉलीबॉल, कबड्डी और विभिन्न मनोरंजक खेलों (फन गेम्स) का आयोजन भी सुनिश्चित किया गया है।

मेले के दौरान आयोजित होने वाली तीन सांस्कृतिक संध्याएं दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहेंगी। 30 मार्च प्रथम सांस्कृतिक संध्या को ‘कांगड़ी नाइट’ के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें ईशांत भारद्वाज, संजीव दीक्षित और धीरज शर्मा जैसे कलाकारों सहित स्थानीय प्रतिभाएं अपनी प्रस्तुति देंगी।

31 मार्च द्वितीय सांस्कृतिक संध्या एसी भारद्वाज और अनुज शर्मा जैसे विख्यात कलाकारों के सुरों से सजेगी।

1 अप्रैल तृतीय एवं अंतिम सांस्कृतिक समापन संध्या में प्रसिद्ध पंजाबी गायक काका और हास्य कलाकार भोटु शाह अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

मेले का उद्घाटन 28 मार्च को प्रदेश के आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा करेंगे। मेले के सफल समापन और अंतिम सांस्कृतिक संध्या के अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। एसडीएम पालमपुर ने जानकारी दी कि मेले में आने वाले जनसमूह की सुविधा के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, जिसे शीघ्र ही मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता से इस ऐतिहासिक उत्सव को सफल और यादगार बनाने के लिए बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed