हमीरपुर : उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि नगर निगम हमीरपुर, नगर परिषद सुजानपुर, नगर पंचायत बड़सर, नगर पंचायत भोटा और नगर पंचायत भोरंज के विभिन्न वार्डों को महिलाओं के लिए आरक्षित करने की प्रक्रिया 30 मार्च को बचत भवन हमीरपुर में पूर्ण की जाएगी। वार्डों का आरक्षण ड्रॉ के माध्यम से तय किया जाएगा।
उपायुक्त ने इस ड्रॉ की प्रक्रिया को पूर्ण करवाने के लिए अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों की नियुक्तियां कर दी हैं। इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उपायुक्त ने बताया कि इन पांचों निकायों की प्रक्रिया के लिए एडीसी हमीरपुर, एसडीएम हमीरपुर और जिला राजस्व अधिकारी को नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों के अलावा नगर निगम हमीरपुर की आरक्षण प्रक्रिया के लिए प्रबुद्ध नागरिकों में राजेश ठाकुर, सुमन भारती और डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर को मनोनीत किया गया है।
इसी प्रकार, नगर परिषद सुजानपुर के लिए डॉ. देशराज, राजकुमार और मनोज कुमार को मनोनीत किया गया है। नगर पंचायत भोटा के लिए शरण प्रसाद, अश्वनी कुमार और संजय कुमार की नियुक्ति की गई है। नगर पंचायत बड़सर के लिए विशाल राणा, किशोरी लाल और आनंद आदर्श का मनोनयन किया गया है। नगर पंचायत भोरंज के लिए संजय कुमार, विनोद कुमार और वीना देवी को मनोनीत किया गया है।
हमीरपुर: नगर परिषद नादौन में भी महिला आरक्षण 30 को होगा तय
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि नगर परिषद नादौन के विभिन्न वार्डों को महिलाओं के लिए आरक्षित करने की प्रक्रिया भी 30 मार्च को बचत भवन हमीरपुर में पूर्ण की जाएगी। वार्डों का आरक्षण ड्रॉ के माध्यम से तय किया जाएगा।
उपायुक्त ने इस ड्रॉ की प्रक्रिया को पूर्ण करवाने के लिए अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों की नियुक्तियां कर दी हैं। इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उपायुक्त ने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए एडीसी हमीरपुर, एसडीएम हमीरपुर और जिला राजस्व अधिकारी को नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों के अलावा प्रबुद्ध नागरिकों में शम्मी सोनी, कमल कुमार और योगराज को मनोनीत किया गया है।