रामपुर: बुशहर कार्निवल की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि हुए शामिल

रामपुर बुशहर: चार दिवसीय फाग मेले के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे बुशहर कार्निवल रामपुर की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में आज हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन द्वारा पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर के मैदान में किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का आयोजन समिति तथा स्थानीय लोगों द्वारा पारंपरिक ढंग से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें हिमाचली टोपी, शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि फाग मेला और बुशहर कार्निवल क्षेत्र की समृद्ध देव संस्कृति, परंपराओं और लोक कला को सहेजने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों तथा अन्य राज्यों से आए कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। लोक नृत्य, लोक संगीत तथा अन्य आकर्षक प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। शिक्षा मंत्री ने बुशहर कार्निवल के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह, उपमंडल पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा, बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन रामपुर के अध्यक्ष राहुल सोनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed