हिमाचल: जलाशयों में 16 जून से 15 अगस्त तक मछली पकड़ने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध
हिमाचल: जलाशयों में 16 जून से 15 अगस्त तक मछली पकड़ने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध
शिमला : हिमाचल प्रदेश के जलाशयों में 16 जून से 15 अगस्त तक मछली पकड़ने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि के दौरान यदि कोई मछली पकड़ता पाया जाता है तो नियमों के अनुसार छह माह तक की कैद और 300 रुपये से एक हजार रुपये तक जुर्माना राशि अथवा दोनों का प्रावधान है।
निदेशक एवं प्रारक्षी मत्स्य हिमाचल प्रदेश विवेक चंदेल ने कहा कि प्रदेश मत्स्य पालन विभाग का दायित्व है कि सभी मछुआरा परिवारों को निरंतर रूप से आजीविका के लिए मछली मिलती रहे। इसीलिए हर साल विभाग सामान्य जल व जलाशयों में दो माह के लिए मछली पकड़ने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक रूप से प्रजनन करने वाली मछलियों की विभिन्न प्रजातियां सफलतापूर्वक प्रजनन कर सकें और प्राकृतिक रूप से विभिन्न जल क्षेत्रों में मछलियों की उपयुक्त संख्या बनी रहे, इसके लिए यह प्रतिबंध जरूरी है।