शिमला: भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण-मकान सूचीकरण और मकानों की गणना हेतु हिमाचल के डॉ. मनमोहन सिंह, हिमाचल लोक प्रशासन संस्थान शिमला में चार दिवसीय राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में हिमाचल प्रदेश सरकार के 20 मास्टर ट्रेनर तथा जनगणना कार्य निदेशालय , हिमाचल प्रदेश के 6 मास्टर ट्रेनर सम्मिलित हुए । प्रशिक्षण निदेशालय के नेशनल ट्रेनर श्री पंकज कुमार सिन्हा, संयुक्त निदेशक एवं श्री आशीष चौहान संयुक्त निदेशक द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की विभिन्न पहलुओं के साथ ही इसके कानूनी प्रावधानों से भी अवगत करवाया गया। जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। डिजिटल मोड में होने वाली जनगणना हेतु विशेष रूप से तैयार किये गए मोबाइल एप का विशेष प्रशिक्षण दिया गया तथा इसका प्रयोगात्मक अभ्यास करवाया गया। अंतिम दिन समस्त मास्टर ट्रेनर को फील्ड में ले जाकर वास्तविक रूप से एप के द्वारा आंकड़ों के संग्रहण की विधि में मास्टर ट्रेनर को पारंगत किया गया। समापन समारोह में निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय, श्रीमती दीप शिखा शर्मा, भा.व.से. द्वारा भारत की जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए आयोजित राज्य एवं निदेशालय के अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपने सम्बोधन में कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला व एक महत्त्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसमें तथ्यों का व्यवस्थित एवं प्रामाणिक संकलन किया जाता है । उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि जनगणना प्रशासन की विश्वसनीयता और शासन की पारदर्शिता की परीक्षा है । यदि आंकड़े अधूरे व त्रुटिपूर्ण होंगे तो विकास योजनाओं का लक्ष्य प्रभावित होगा । अंत में उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों से निर्धारित कार्यों को तय सीमा के अनुरूप पूर्ण करने का आग्रह किया तथा इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी उपस्थित अधिकारियों व प्रक्षिणार्थियों को शुभकामनाएं दी ।
—