कांग्रेस के घोषणा पत्र से भाजपा छटपटाहट में – महेश्वर चौहान

शिमला: प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं चुनाव वार रूम के सह अध्यक्ष महेश्वर चौहान पांडु ने दावा किया है कि देश में हुए दो चरणों के चुनावों में इंडिया गठबंधन बहुमत की ओर बढ़ गया है। भाजपा इससे निराशा में है और धर्म व जाति के नाम पर लोगों से वोट मांग रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई भी मुद्दा नहीं है। कांग्रेस के घोषणा पत्र से भाजपा छटपटाहट में है और इसके खिलाफ आधारहीन बयानबाजी कर रही है।

आज यहां एक पत्रकार वार्ता में महेश्वर चौहान ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यूपीए सरकार के समय अकसर कहा करते थे कि जब देश का रुपया गिरता है तो देश गिरता है। उन्होंने कहा कि आज डॉलर के मुकाबले रुपया निम्न स्तर पर है। पिछले 10 सालों में देश की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है जबकि  बेरोजगारी व महंगाई ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों पर कोई बात नहीं करती।

महेश्वर चौहान ने कहा कि आज देश मे अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है। लोकतंत्र में चुनी गई सरकारों को गिराने की पूरी कोशिश की जा रही है। जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। भाजपा के खिलाफ कोई कुछ नहीं बोल सकता, अगर कोई बोलता है तो उसे जेल के अंदर डाला जा रहा है। देश आज आगे ननहीं पीछे जा रहा है।

चौहान ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पास भाजपा के खिलाफ बहुत मुद्दे हैं और वह इन चुनावों में इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि कोविड काल में भाजपा का भ्रष्टाचार व अवसरवाद के साथ साथ आपदा के समय भाजपा का नकारात्मक रवैया भी प्रमुख होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्ण बहुमत वाली कांग्रेस सरकार को एक षड्यंत्र के तहत  जिस प्रकार धनबल के जोर पर अस्थिर करने की कोशिश की गई यह भी मुद्दा होगा। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में भाजपा की कारगुजारी व प्रदेश को मिले 70 हजार करोड़ से अधिक का ऋण व 12 हजार करोड़ से अधिक कर्मचारियों की देनदारियां प्रदेश की कांग्रेस सरकार को विरासत में मिली है। बाबजूद इसके प्रदेश सरकार ने अपने सीमित संसाधनों के चलते कर्मचारियों की ओपीएस व महिलाओं को 1500 रुपए की गारंटी को पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला विरोधी है।

महेश्वर चौहान ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि कांग्रेस ने 2 लोकसभा व तीन विधानसभा उप चुनावों के लिये अपने प्रत्यशियों की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि शेष की भी जल्द कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शिमला व मण्डी संसदीय क्षेत्र से दो युवा व अनुभवी चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चुनाव प्रचार जल्द ही जोर पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चारों लोकसभा व छह विधानसभा उप चुनावों में कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहरायेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को कोई खतरा नहीं है। सरकार के पास पूर्ण बहुमत है और 4 जून के बाद ओर भी मजबूत होगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed