हिमाचल में बड़ा चिड़ियाघर स्थापित करने के लिए केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से मिली पूर्व स्वीकृति

हिमाचल प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण और वन्यजीवों की जानकारी लोगों को देने में अहम भूमिका निभाएगा बड़ा चिड़ियाघर

बड़े चिड़ियाघर की स्थापना मुख्यमंत्री सुक्खू के ड्रीम परियोजनाओं में से एक

शिमला : हिमाचल प्रदेश के लिए यह बड़े गौरव व खुशी का पल है कि वन्यप्राणी प्रभाग, हिमाचल प्रदेश वन विभाग के अथक प्रयासों के कारण राज्य में एक बड़े चिड़ियाघर की स्थापना के लिए केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सी. जेड..) से  पूर्व स्वीकृति मिल गई है। बड़े चिड़ियाघर की स्थापना वन्यजीव संरक्षण प्रयासों को सृदृढ़ करने और राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कांगड़ा ज़िला के बनखण्डी में बड़े चिड़ियाघर की स्थापना कांगड़ा को राज्य की ‘‘पर्यटन राजधानी’’ बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के ड्रीम परियोजनाओं में से एक है। हिमाचल प्रदेश सरकार, वन विभाग हिमाचल प्रदेश के वन्यप्राणी प्रभाग के अधिकारियों व वन्यजीव संरक्षण विशेषज्ञों ने हिमाचल प्रदेश में बड़े चिड़ियाघर की स्थापना के लिए समर्पित रूप से प्रयास किए जिसके फलस्वरूप आज हिमाचल प्रदेश में बड़े चिड़ियाघर की स्थापना के लिए केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधीकरण (सी. जेड..) से  पूर्व स्वीकृति मिली है।

प्रधान मुख्य अरण्यपाल हिमाचल प्रदेश राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जून, 2023 को केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सी जेड ए) की 108 वीं तकनीकी समिति की बैठक के दौरान बड़े चिड़ियाघर की स्थापना के प्रस्ताव का गहन मूल्यांकन किया गया। सावधानीपूर्वक विचार और जांच के बाद, समिति ने इसकी स्थापना के लिए मंजूरी देने की सिफारिश की। हिमाचल प्रदेश में बड़ा चिड़ियाघर, वन्यजीव संरक्षण और वन्यजीवों की जानकारी लोगों को देने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बड़े चिड़ियाघर की प्रस्तावना एक विश्व स्तरीय सुविधा के रूप में की गई है जिसमें हिमाचल प्रदेश और अन्य क्षेत्रों के मूल वन्यजीवों को रखा जाएगा। यह पर्यटकों के लिए वन्यजीवों से जुड़ने, उनके प्राकृतिक व्यवहारों का निरीक्षण करने और उनके पारिस्थितिक महत्व की गहरी समझ विकसित करने के लिए एक असाधारण सुविधा के रूप में काम करेगा। बड़े चिड़ियाघर की स्थापना का उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा के महत्व के बारे में लोगों जागरूक करना है। चिड़ियाघर की स्थापना के लिए अब चिड़ियाघर डिजाइनिंग पर विशेषज्ञ समूह द्वारा उल्लेखित आवश्यक शर्तों को पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा। प्रदेश में इस चिड़ियाघर की स्थापना से पर्यटन को बढ़ावा मिलने, रोज़गार के अवसर पैदा होने और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान मिलने की सम्भावनाएं बढ़ जाएंगी।

 

 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed