दुष्प्रचार व द्वेष का राजनीति में कोई स्थान नहीं : मुख्ममंत्री

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज शिमला जिला के रोहड़ू तहसील की ग्राम पंचायत शेखल के पारसा में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि उनके खिलाफ विपक्ष द्वारा दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के मुख्यमंत्री पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की दया से नहीं बने हैं, बल्कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश के लोगों का प्यार व सहयोग प्राप्त है, इसीलिए वे प्रदेश के छठीं बार मुख्यमंत्री बने हैं।

वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने उनके खिलाफ दो बार झूठे मामले दर्ज किए और दोनों ही बार वे पाक-साफ होकर निकले और अब उनके खिलाफ न्यायालय में सीडी मामला दायर किया गया, जिसे माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा खारिज कर दिया गया, इससे विपक्ष में शोक की लहर है। उन्होंने कहा कि शांता कुमार के साथ उनके वैचारिक मतभेद रहे हैं, परन्तु शांता कुमार सिद्धांतों वाले व्यक्ति हैं। धूमल द्वारा मेरे खिलाफ द्वेष की भावना से आय से अधिक सम्पत्ति के आरोप लगाए जा रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मैंने कुछ भी छुपाया नहीं है और मेरे पास जो सम्पत्ति है वह पैतृक है। उन्होंने कहा कि भाजपा तभी बच सकती है यदि श्री प्रेम कुमार धूमल को पार्टी से बाहर किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लोगों के घरद्वार पर दौरा करने में विश्वास रखते हैं, क्योंकि ऐसे में ही लोगों की समस्याओं को समझा जा सकता है और इससे विकास योजनाओं की प्रगति का अनुश्रवण का अवसर भी प्राप्त होता है और यदि कार्य ठीक ढंग से नहीं हो रहा हो तो उसके अनुरूप कार्यवाही की जा सकती है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि रोहड़ू और उसके साथ लगते क्षेत्र सड़कों से पूरी तरह जुड़े हुए हैं और अब इन सड़कों को पक्का व सुधार करने की आवश्यकता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की रोहड़ू बाईपास सड़क का निर्माण निर्धारित समय में पूरा करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सब्जी मण्डी का निर्माण एक-दो वर्ष में पूरा हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों किसानों व बागवानों का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि रोहड़ू अस्पताल को 200 बिस्तरों की क्षमता वाला बनाया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों की जरूरतें पूरी की जा सकें। इससे पूर्व, शिमला संसदीय क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय ठाकुर ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य का व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष मांगों को भी रखा।

 

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *