ऊना : 10 लाख की रिश्वत देते धरा आरटीओ….

ऊना : ऊना के मैहतपुर में विजिलेंस ने नालागढ़ के आरटीओ ओम प्रकाश पुरी को 10 लाख रुपए के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आरटीओ पर पिछले दिनों विजिलेंस ऊना ने दफ्तर में घूस लेने का केस दर्ज किया था। मंगलवार को विजिलेंस की टीम ने मैहतपुर में उन्हें 10 लाख रुपए के साथ ट्रैप किया। पुलिस के मुताबिक ओम प्रकाश पुरी ने अपने खिलाफ दर्ज मामले की जांच को हल्का करने और उसके विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच न करने के लिए विजिलेंस टीम को 10 लाख रुपये की रिश्वत देने का ऑफर दिया।

इस पर विजिलेंस की टीम ने आरटीओ को रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। योजना के तहत मंगलवार सुबह मैहतपुर में 10 लाख रुपये देना तय हुआ था। इसी दौरान स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में विजिलेंस ऊना की टीम ने आरटीओ ओम प्रकाश पुरी को 10 लाख रुपये के साथ दबोच लिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा आठ तथा 12 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कल अदालत में पेश किया जाएगा। एएसपी विजिलेंस सागर चंद ने मामले की पुष्टि की है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *