सिरमौर: कार खाई में गिरी; पिता और सात वर्षीय बेटे की मौत
सिरमौर: कार खाई में गिरी; पिता और सात वर्षीय बेटे की मौत
हिमाचल: प्रदेश के सिरमौर जिले में शिलाई-रोहनाट सड़क पर भटनोल के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और सात वर्षीय बेटे की मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद रातभर लापता रही सात वर्षीय बेटी सोमवार सुबह सुरक्षित मिल गई। मासूम के सकुशल मिलने से परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय शिलाई में कार्यरत सोहन रविवार रात अपने निजी वाहन में बेटे और बेटी के साथ घर कामोटा जा रहे थे। इसी दौरान भटनोल के समीप उनका वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि सोहन और उनके सात वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सोहन की सात वर्षीय बेटी का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद परिजनों, ग्रामीणों और प्रशासन की ओर से रातभर बच्ची की तलाश की गई। सोमवार सुबह एसडीएम जसपाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों ने ड्रोन की मदद से तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद बच्ची पास के दूसरे गांव में एक खेत में सुरक्षित मिली। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बच्ची रात के समय घटनास्थल से अपने घर की ओर निकल पड़ी थी, लेकिन रास्ता भटककर दूसरे गांव पहुंच गई।